Trending Now

—Advertisement—

बीएमसी पुलिस चौकी की तत्परता से ढाई वर्षीय मासूम को सकुशल खोजकर परिजनों को सौंपा

रिपोर्ट: पब्लिक सूत्र 25 August 2026

सागर । आज दिनांक को , उम्र करीब ढाई वर्ष, निवासी अंडेला, थाना मालथौन, जिला सागर अपने परिजनों के साथ बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) अस्पताल आया हुआ था। अस्पताल परिसर में भीड़भाड़ के बीच मासूम बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों द्वारा तत्काल बीएमसी पुलिस चौकी को सूचना दी गई।

Advertisement

सूचना मिलते ही बीएमसी पुलिस चौकी द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अस्पताल परिसर में बच्चे की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और बच्चे की गतिविधियों एवं संभावित दिशा की बारीकी से पड़ताल की गई।

प्रधान आरक्षक सोनू द्वारा विशेष तत्परता, सूझबूझ एवं अथक प्रयास करते हुए लगातार सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। कई स्थानों पर बच्चे की तलाश करते हुए अंततः मासूम लक्ष्मण को सकुशल खोज निकाला गया। पुलिस द्वारा बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

काफी बड़े एवं भीड़भाड़ वाले मेडिकल कॉलेज परिसर में महज ढाई वर्ष के मासूम के परिजनों से बिछड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा जिस तत्परता से कार्रवाई की गई, उससे एक बड़ी चिंता टल गई। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और बीएमसी पुलिस चौकी की पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

सागर पुलिस की अपील: छोटे बच्चों को भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ले जाते समय परिजन विशेष सतर्कता बरतें और बच्चों को अकेला न छोड़ें। किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।