जैसीनगर में जनसमस्या समाधान शिविर, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की मौजूदगी में सुनी गई क्षेत्रवासियों की समस्याएं
सागर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जैसीनगर में जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम एवं जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, जिला कलेक्टर, एस.पी.,जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जनसेवा और जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल समस्याएं सुनने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनता के विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। आम नागरिक अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें और संबंधित विभाग उन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करें, यही इस अभियान की भावना है। श्री राजपूत ने कहा कि हर शुक्रवार को यह शिविर लगाये जायेंगें तथा समस्त विभागों के अधिकारी लोगों की समस्या का निदान करेंगें। यह क्रम जनवरी तक जिला स्तर से लेकर खण्ड स्तरीय शिविरों के माध्यम से चलता रहेगा। आयुष्मान कार्ड, संबल कार्ड, लाडली बहना, प्रधानमंत्री आवास, 181 की शिकायतों का निराकरण इसी शिविर के माध्यम से किया जा सकेगा।
जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील,
मंत्री राजपूत ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जैसीनगर में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि जनता की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से सरकार और जनता के बीच संवाद की यह पहल ‘आपका विश्वास, हमा जिम्मेदा’ की भावना को और मजबूत करेगी। जैसीनगर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जनसेवा, सुशासन और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्राकृतिक खेती तथा अपने क्षेत्र की साफ सफाई एवं जन सहयोग से गांव के विकास की बात कही। साथ ही एसपी अनुराग सुजानिया ने क्षेत्र में होने वाले छोटे छोटे मसलों में ग्राम पंचायत तथा ग्राम के बुजुर्गों की सहभागिता से मामलों को सुलझाने के प्रयास पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस 24 घंटे आपकी सेवा में है। इस अवसर पर जैसीनगर जनपद अध्यक्ष रामबाबू ठाकुर, साहब सिंह, हरनाम सिंह, धीरज सिंह औरिया, नरेंद्र डब्बू आठिया, सीहोरा मंडल अध्यक्ष लोकमन लोधी सहित सरपंच, जिला पंचायत सदस्य सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



