सागर शहर में ईद मिलादुन्नबी एवं रक्षाबंधन पर्व के दौरान भीड़-भाड़ को देखते हुए यातायात प्रतिबंध लागू
सागर। ईद मिलादुन्नबी दिनांक 26 अगस्त 2026 तथा रक्षाबंधन दिनांक 27 एवं 28 अगस्त 2026 के अवसर पर कटरा बाजार, गुजराती बाजार, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, राधा तिराहा, तीन मढ़िया एवं घंसू मुंशी मस्जिद क्षेत्र में भीड़-भाड़ की संभावना को देखते हुए आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष प्रतिबंधात्मक व्यवस्था लागू की जा रही है।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक तथा रक्षाबंधन के अवसर पर 27 एवं 28 अगस्त को दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक ऑटो, आपे, इलेक्ट्रिक ऑटो, चार पहिया वाहन तथा मध्यम एवं भारी वाहनों का कटरा क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भीड़ की स्थिति को देखते हुए प्रतिबंध की अवधि आवश्यकता अनुसार बढ़ाई भी जा सकती है।
प्रतिबंधित वाहनों को तीन मढ़िया, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कोतवाली थाना परिसर, राहतगढ़ वनवे एवं मोतीनगर चौराहा से बड़ा बाजार होते हुए कटरा क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
साथ ही कटरा से तीन बत्ती तक स्थायी रूप से पार्क किए गए वाहनों को तत्काल हटाकर म्युनिसिपल स्कूल अथवा निजी पार्किंग स्थलों में खड़ा करना होगा। निर्धारित स्थान से वाहन नहीं हटाए जाने पर उन्हें क्रेन के माध्यम से हटवाया जाएगा तथा इससे होने वाली संभावित क्षति की जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी।
यह यातायात व्यवस्था दो पहिया वाहनों एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों, जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं पुलिस वाहनों को छोड़कर शेष सभी वाहनों पर लागू रहेगी।
यातायात पुलिस सागर शहर के समस्त नागरिकों से अपील करती है कि निर्धारित यातायात प्रतिबंधों का पालन करें तथा ईद मिलादुन्नबी एवं रक्षाबंधन पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।



