खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे नमूने
सागर। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सागर में जांच अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश और कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिविल लाइन क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित गुजरात स्वीट्स और पीएम बेकर्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति वैध पाई गई। गुजरात स्वीट्स से पेड़ा, छेना अंगूरी, नमकीन और फलाहारी मिक्चर के नमूने एकत्रित किए गए। वहीं, पीएम बेकर्स से सेलिब्रेशन पैक और केक पुंज के नमूने लिए गए।
विभाग द्वारा एकत्रित किए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के साथ सिविल लाइंस स्थित हॉकर्स जोन का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत भी दी गई।
निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा एवं शीतल सिंह द्वारा की गई। आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी और जांच का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।



