Trending Now

—Advertisement—

नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने का खुलासा, 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद

रिपोर्ट: पब्लिक सूत्र 29 August 2026

सागर । नाबालिग को ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी देकर चोरी की वारदात कराने के मामले का थाना बीना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने प्रकरण में करीब 13 लाख रुपये नगद तथा लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण सहित कुल करीब 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।

Advertisement

अपराधों की रोकथाम एवं लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग तथा एसडीओपी बीना अजय कुमार सनकत के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस ने इस गंभीर चोरी के प्रकरण का खुलासा किया।

 

पुराने पैतृक मकान से गायब हुई थी नगदी और जेवर

पुलिस के अनुसार फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नगद राशि, सोने के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। 17 जून 2026 को पुराने मकान में रखे सामान की जांच करने पर नगद राशि एवं कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद फरियादी ने थाना बीना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

 

चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की, संदिग्धों की तस्दीक की और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने का आरोप

जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा फरियादी परिवार के नाबालिग को कथित रूप से ब्लैकमेल किया जाता था और जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता था। पुलिस के मुताबिक इसी दबाव के माध्यम से नाबालिग से चोरी की वारदात कराई गई।

उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आयुष मैना निवासी बीना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा फरियादी परिवार से करीब 13 लाख रुपये नगद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लिए जाने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार चोरी की रकम का उपयोग आरोपी ने विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी और अन्य खर्चों में किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई कार, मोटरसाइकिल और अन्य घरेलू सामान बरामद किया गया।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी द्वारा चोरी किए गए सोने के आभूषण अपने मामा अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को दिए गए थे। इसके बाद थाना बीना पुलिस ने अंकुश बाल्मीक को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए।

250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद

अंकुश बाल्मीक के कब्जे से पुलिस ने सोने का हार करीब 70 ग्राम, सोने की चैन करीब 30 ग्राम, ब्रेसलेट करीब 10 ग्राम, चार अंगूठियां करीब 15 ग्राम, पेंडल करीब 5 ग्राम, एक गोल गिन्नी करीब 2 ग्राम, चार सोने के कड़े करीब 60 ग्राम, मंगलसूत्र करीब 30 ग्राम और एक अन्य सोने की चैन करीब 30 ग्राम बरामद की।पुलिस के अनुसार बरामद सोने के आभूषणों का कुल वजन करीब 250 ग्राम है।

 

पुलिस ने आरोपी आयुष मैना के कब्जे से मोबाइल फोन, आईफोन 17 प्रो मैक्स, आईफोन 15, दो बड़े चाकू, हुंडई वरना कार क्रमांक MP-04-CJ-9391, रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, मारुति सुजुकी अर्टिगा कार क्रमांक MP-08-JE-9775, एसी, एलईडी टीवी, स्टेबलाइजर, दो साउंड बॉक्स, चार कुर्सियां, लकड़ी का बेड, लोहे का गेट, हेलमेट, मोटरसाइकिल नंबर प्लेट, साइड ग्लास एवं अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार बरामद अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 16.37 लाख रुपये है। कुल 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद

थाना बीना पुलिस के अनुसार प्रकरण में करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, अनुमानित कीमत 38 लाख रुपये, तथा करीब 16.37 लाख रुपये कीमत का अन्य मशरूका बरामद किया गया है। इस प्रकार कुल बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 54.37 लाख रुपये है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की रकम से विभिन्न सामान एवं वाहन खरीदने तथा अन्य खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस द्वारा चोरी की रकम से खरीदा गया सामान एवं वाहन बरामद कर लिया गया है, जबकि शेष राशि एवं अन्य पहलुओं के संबंध में कार्रवाई जारी है।

 

दो आरोपी गिरफ्तार, दो जेल भेजे गए

प्रकरण में आयुष मैना निवासी बीना एवं अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं उनके सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड, बीना एवं मोनू पाल निवासी गुना को माननीय न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।