सागर। थाना रहली पुलिस ने ऑडिटोरियम निर्माण स्थल से लोहे के सरिए चोरी करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब ₹30,000 कीमत के लोहे के सरिए बरामद करने के साथ ही चोरी में प्रयुक्त ऑटो वाहन क्रमांक MP-15-LA-4340 भी जप्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को फरियादी कपिल पिता बद्रीप्रसाद सेन, निवासी जगदीश वार्ड, गढ़ाकोटा ने थाना रहली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रहली में कॉलेज के पास ऑडिटोरियम निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल पर रखे लोहे के सरियों के चार बंडल गायब मिले थे। आसपास जानकारी करने पर पता चला कि 22 अगस्त की रात करीब 9 बजे कुछ लोग उक्त सरियों को तीन पहिया ऑटो में ले जाते देखे गए थे। चोरी गए सरियों पर पहचान के लिए लाल पेंट से निशान भी लगाए गए थे।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना रहली में अपराध क्रमांक 578/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में लोकेश पिता मनमोहन पटेल निवासी ग्राम तिखी, तरुण पिता हरकिशन राजगीर निवासी कासल पिपरिया, सोनू पिता प्रकाश अहिरवार निवासी बरखेड़ा वार्ड क्रमांक 05, रामनगरी, थाना रहली तथा एक अपचारी बालक की घटना में संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब ₹30,000 कीमत के लोहे के सरिए बरामद किए। घटना में प्रयुक्त ऑटो वाहन भी जप्त किया गया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि अपचारी बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी रहली निरीक्षक संजय ऋषिश्वर के नेतृत्व में की गई।



