कार्यकर्ताओं के स्नेह से गूंजा भाजपा कार्यालय, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से हुआ भव्य स्वागत
सागर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिन सोमवार को सेवा, संस्कार और संगठनात्मक आत्मीयता के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, गौसेवा, पौधारोपण और वृद्धजनों की सेवा कर दिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा। वहीं जिले की सभी विधानसभाओं से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आत्मीयता के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रुद्राभिषेक से हुई दिन की शुरुआत
जन्मदिन पर श्याम तिवारी ने श्री देव भूतेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन एवं रुद्राभिषेक किया। उन्होंने जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और सागर के विकास की मंगलकामना की। इसके बाद दयोदय गौशाला पहुंचकर गौमाता का पूजन किया और गुड़-रोटी खिलाकर गौसेवा की।
वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की सेवा
सेवा के क्रम में श्याम तिवारी वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और अपने हाथों से भोजन परोसा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे अनुभव, संस्कार और जीवन-मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देता है।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी के साथ श्याम तिवारी का भव्य स्वागत किया। जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। कार्यालय में दिनभर शुभकामनाओं और आत्मीय मुलाकातों का दौर चलता रहा।
“कार्यकर्ताओं का स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति” : श्याम तिवारी
जन्मदिन पर मिले स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए श्याम तिवारी ने कहा, “सागर जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से मिला स्नेह एवं आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल है। कार्यकर्ताओं का आत्मीय भाव ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी है। यह स्नेह मुझे संगठन और समाज की सेवा के लिए और अधिक ऊर्जा देता है।”
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में जिले के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



