सागर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आबचंद गुफा क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गदेरी नदी में जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज बहाव के कारण नदी के बीच फंसे 9 युवाओं को पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की संयुक्त टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना शनिवार शाम लगभग 6:50 बजे की है, जब डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी के तेज बहाव के बीच 9 युवा फंस गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने तुरंत कमान संभाली और पूरे घटनाक्रम की पल-पल मॉनिटरिंग करते हुए सभी संबंधित विभागों से तालमेल बैठाकर आवश्यक संसाधन मौके पर रवाना किए।
मौके पर पहुंची टीम के सामने परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं। आबचंद गुफा की ओर से बच्चों तक पहुंचना लगभग असंभव और जोखिमभरा था। ऐसे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा ने स्वयं मौके पर मोर्चा संभालते हुए आबचंद गांव की तरफ से दूसरा रास्ता तलाशा। घने जंगल, अंधेरे और जंगली जानवरों के खतरे के बीच अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीणों के सहयोग, जीपीएस और सर्चलाइट की मदद से लगभग 4 किलोमीटर का दुर्गम पैदल रास्ता तय किया और फंसे हुए युवाओं तक पहुंची।

एसडीआरएफ और पुलिस जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए उफनती नदी के तेज बहाव में प्रवेश किया। जवानों ने अत्यंत सावधानी और मुस्तैदी से काम लेते हुए चारों तरफ से पानी से घिरे सभी 9 युवाओं को एक-एक कर सुरक्षित किनारे पर ला खड़ा किया।
रेस्क्यू किए गए सभी युवा सागर के बहेरिया (इंजीनियरिंग कॉलेज रोड) क्षेत्र के निवासी हैं, जिनमें 16 से 20 वर्ष की आयु के 5 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं। सुरक्षित निकाले जाने के बाद सभी का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों द्वारा सभी को पूरी तरह स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारियों की त्वरित रणनीति और जवानों के साहसिक कदम से एक बड़ा हादसा टल गया।



