खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में उस समय एक अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब एक युवक कुत्ते का मुखौटा पहनकर अधिकारियों के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचा। यह अनोखा प्रदर्शन नगर निगम में आवारा कुत्तों की नसबंदी के नाम पर हुए कथित लाखो करोड़ों रुपये के घोटाले के विरोध में किया गया था।
प्रदर्शनकारी युवक के साथ नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक ‘मुल्लू’ राठौर और अन्य लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने आरोप लगाया कि कागजों पर नसबंदी का काम पूरा दिखाकर भारी राशि का गबन किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार शासन को सौंपे ज्ञापन में दावा किया कि शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी और वंध्याकरण के नाम पर बजट का दुरुपयोग हुआ हैं । क्योंकि जमीनी हकीकत यह है कि नसबंदी के दावों के बावजूद शहर में पिल्ले पैदा हो रहे हैं और आवारा कुत्तों का आतंक बरकरार है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि शहर में अब तक 13,000 से अधिक डॉग बाइट के मामले दर्ज हो चुके हैं। जिला अधिकारियों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपों की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



