सागर, 17 अगस्त 2026
सावन के पावन अवसर पर तुलसी फाउंडेशन के तत्वावधान में निकाली गई भव्य कांवड़ यात्रा का सागर में अद्भुत और आत्मीय स्वागत हुआ। मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर लौट रहे शिवभक्तों का जिला पंचायत कार्यालय के सामने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने पुष्पवर्षा और पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया।
भव्य स्वागत के पश्चात मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी गहरी आस्था का परिचय देते हुए स्वयं अपने कंधों पर कांवड़ उठाई और शिवभक्तों के साथ पैदल यात्रा की। इस दौरान पूरी यात्रा में आसमान लगातार ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से गूंजता रहा। सनातन धर्म की ध्वजा के साथ निकले श्रद्धालुओं ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया। थके-हारे कांवड़ियों के लिए भोजन प्रसादी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था भी की गई थी।
इस अवसर पर शिवभक्तों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और त्याग का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांवड़ यात्री सनातन धर्म का रक्षक और सशक्त प्रहरी है। ऐसी धार्मिक यात्राएं समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं, जिससे हमारी युवा पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं, देवी-देवताओं और धार्मिक संस्कारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।
कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंत्री जी की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सुरखी स्थित मंगल भवन में ठहरने और भोजन का उचित प्रबंध पहले ही कर लिया गया था। जिला पंचायत कार्यालय पहुंचने पर मंत्री जी ने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच जाकर इन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कांवड़िये पवित्र मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने के लिए निकले हैं और यह यात्रा श्रद्धालुओं को संयम, अनुशासन और सेवा का संदेश देती है।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के लिए तुलसी फाउंडेशन की इस सराहनीय पहल के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस भव्य आयोजन में कांवड़ यात्रा के संयोजक हरिराम ठाकुर, अध्यक्ष प्रदीप राजोरिया, अनिल दुबे, पहलाद रैकवार, पप्पू तिवारी, असंख्य दुबे, अंकित दीक्षित, और योगेश नेम सहित तुलसी फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने पूर्ण उत्साह और भक्तिभाव के साथ इस ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा का साक्षी बनकर पुण्य लाभ अर्जित किया।



